जनजातीय गौरव दिवस पर सैलाना विधायक ने मंच से पूछा- इस्तीफा दे दूं? भीड़ ने जवाब दिया- दे दो
विधायक और लोगों के बीच सवाल-जवाब का वीडियो वायरल

जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार को उस समय असहज स्थिति का सामना करना पड़ा, जब उनके राजनीतिक संबोधन पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने आपत्ति जताई। भील प्रदेश के गठन और भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के समर्थन में अपील के दौरान विरोध के स्वर उठे। इसी बीच विधायक ने मंच से सवाल किया- क्या इस्तीफा दे दूं? जवाब में भीड़ से आवाज आई- दे दो। विधायक और लोगों के बीच हुई इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
राजनीतिक अपील पर जताई आपत्ति
कार्यक्रम में संबोधन के दौरान कमलेश्वर डोडियार ने भील प्रदेश बनाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने मध्य प्रदेश में भारत आदिवासी पार्टी के उम्मीदवारों को जिताकर सरकार बनाने की अपील भी की। उनकी इन राजनीतिक टिप्पणियों पर कुछ लोगों ने विरोध जताया। उनका कहना था कि जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन में राजनीतिक बातें करने के बजाय भगवान बिरसा मुंडा के विचारों और आदिवासी समाज के जल, जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए।
विधायक ने पूछा- इस्तीफा दे दूं?
विरोध के बीच विधायक डोडियार ने नाराजगी जाहिर करते हुए मंच से मौजूद लोगों से पूछा कि क्या वे इस्तीफा दे दें? जवाब में भीड़ से कुछ लोगों ने कहा- दे दो। इस पर विधायक ने कहा कि ठीक है, दे दूंगा, लेकिन इसके लिए भोपाल जाना होगा। इस सवाल-जवाब के दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोगों का रुख चर्चा का विषय बन गया। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
आयोजकों ने राजनीतिक आयोजन होने से किया इनकार
विधायक के संबोधन पर हुए विरोध के बाद कार्यक्रम में असहज स्थिति बन गई। इसे देखते हुए आयोजकों की ओर से मंच से सफाई दी गई। उन्होंने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि दो सामाजिक संगठनों ने मिलकर इसका आयोजन किया है। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम का किसी भी राजनीतिक पार्टी से संबंध नहीं है।
राजस्थान के विधायक भी हुए शामिल
जनजातीय गौरव दिवस के इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के साथ राजस्थान के जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे। मंच पर डूंगरपुर जिले की चौरासी विधानसभा सीट से विधायक अनिल कटारा और बागीदौरा से विधायक जेके पटेल ने भी शिरकत की। फिलहाल, विधायक कमलेश्वर डोडियार और कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच हुई इस्तीफे को लेकर बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।



