जनशक्ति उजाला
समाचार

इंदौर में पटाखा दुकानों पर प्रशासन की सख्ती, सुरक्षा में चूक मिली तो निरस्त होगा लाइसेंस

कलेक्टर शिवम वर्मा ने दिए जिलेभर में दुकानों और गोदामों के निरीक्षण के निर्देश

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: इंदौर, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
फायर सेफ्टी व्यवस्था की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते कलेक्टर शिवम वर्मा।
फायर सेफ्टी व्यवस्था की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते कलेक्टर शिवम वर्मा।
शेयर करें:

दीपावली के दौरान पटाखों की दुकानों और गोदामों में आगजनी की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा इंतजामों को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित बैठक में स्पष्ट किया कि अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित दुकानों या गोदामों के लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी होगी।

दुकानों और गोदामों का होगा सघन निरीक्षण

कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में संचालित सभी पटाखा दुकानों और गोदामों की नियमित जांच की जाए। निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा उपकरणों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। जहां सुरक्षा इंतजामों में कमी मिले, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

लाइसेंसधारी ही कर सकेंगे कारोबार का संचालन

बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि पटाखा दुकान और गोदाम का संचालन केवल लाइसेंस प्राप्त व्यक्ति ही कर सकेगा। यदि लाइसेंसधारी के स्थान पर कोई अन्य व्यक्ति संचालन करता पाया जाता है अथवा निर्धारित सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आती है, तो संबंधित लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था भी जांच के दायरे में

कलेक्टर ने जिले के संवेदनशील और सार्वजनिक स्थलों पर उपलब्ध अग्नि सुरक्षा इंतजामों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को इन स्थानों पर फायर सेफ्टी उपकरणों और व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण करने तथा कमियां मिलने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

शासकीय मंदिरों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा

बैठक में शासकीय मंदिरों की मौजूदा स्थिति, उनके रखरखाव और संचालन से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई। बैठक में नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

शेयर करें:

संबंधित खबरें

एमजीएम मेडिकल कॉलेज में पीजी की 39 नई सीटें मंजूर, संख्या 322 पहुंची

एमजीएम मेडिकल कॉलेज में पीजी की 39 नई सीटें मंजूर, संख्या 322 पहुंची

प्रदेश के सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में सबसे आगे हुआ संस्थान, सुपर स्पेशियलिटी की 13 सीटें भी स्वीकृत

कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालाइंदौर, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
आंगनवाड़ी केंद्रों के विकास की जिम्मेदारी उठाएंगे अधिकारी, हर स्तर पर एक केंद्र गोद लेने के निर्देश

आंगनवाड़ी केंद्रों के विकास की जिम्मेदारी उठाएंगे अधिकारी, हर स्तर पर एक केंद्र गोद लेने के निर्देश

आयुक्त संदीप जी.आर. ने सुविधाएं, शाला पूर्व शिक्षा और डिजिटल व्यवस्था सुधारने पर दिया जोर

कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालाइंदौर, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
इंदौर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1.20 लाख का मावा और मीठा मावा जब्त

इंदौर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1.20 लाख का मावा और मीठा मावा जब्त

दो खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी में 11 नमूने लिए गए, प्रारंभिक जांच में मावे में मिलावट की आशंका; दीपावली से पहले बाजार की निगरानी बढ़ाई

कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालाइंदौर, मध्य प्रदेश3 मिनट पढ़ें