त्योहारी सीजन में देशभर में क्रेडिट कार्ड से खर्च में बड़ा उछाल
सितंबर के मुकाबले करीब 20 प्रतिशत की वृद्धि

त्योहारी सीजन में खरीदारी और भुगतान की बढ़ी गतिविधियों का असर क्रेडिट कार्ड के इस्तेमाल पर भी दिखाई दिया। अक्टूबर में देशभर में क्रेडिट कार्ड से 2.45 लाख करोड़ रुपये के लेनदेन हुए। यह सितंबर में दर्ज 2.04 लाख करोड़ रुपये के मुकाबले करीब 20 प्रतिशत अधिक है। पिछले साल अक्टूबर की तुलना में भी लेनदेन के कुल मूल्य में 14.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
ऑनलाइन भुगतान का हिस्सा 63 प्रतिशत
अक्टूबर में क्रेडिट कार्ड से हुए कुल खर्च में ऑनलाइन और ई-कॉमर्स लेनदेन की हिस्सेदारी सबसे अधिक रही। इस माध्यम से 1.54 लाख करोड़ रुपये का भुगतान किया गया, जो कुल खर्च का करीब 63 प्रतिशत है। वहीं, दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों पर पीओएस मशीनों के जरिए 90,562 करोड़ रुपये के लेनदेन हुए।
प्रमुख बैंकों के कार्ड से बढ़ा खर्च
बैंकवार आंकड़ों में एचडीएफसी बैंक के क्रेडिट कार्ड से 70,115 करोड़ रुपये खर्च किए गए। यह सितंबर के मुकाबले 7.6 प्रतिशत अधिक है। एसबीआई कार्ड के जरिए 45,797 करोड़ रुपये के लेनदेन हुए, जिसमें 31 प्रतिशत की वृद्धि रही। आईसीआईसीआई बैंक का आंकड़ा 42,295 करोड़ रुपये और एक्सिस बैंक का 30,211 करोड़ रुपये रहा। इन दोनों बैंकों में मासिक आधार पर क्रमशः 37 और 30.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
नए कार्ड जारी होने के साथ बढ़े सक्रिय कार्ड
अक्टूबर में करीब 14 लाख नए क्रेडिट कार्ड जारी किए गए। इससे सक्रिय कार्ड की संख्या सितंबर के 12.53 करोड़ से बढ़कर 12.67 करोड़ हो गई। इस दौरान लेनदेन की संख्या सालाना आधार पर 32 प्रतिशत बढ़कर 68.3 करोड़ पहुंच गई। हालांकि, औसत लेनदेन राशि 4,133 रुपये से घटकर 3,585 रुपये रह गई। रोजमर्रा के भुगतानों में रुपे यूपीआई क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल भी बढ़ रहा है।



