26 नवंबर को भोपाल में कांग्रेस के बड़े मार्च की तैयारी
एक लाख कार्यकर्ताओं को जुटाने का लक्ष्य

मध्यप्रदेश कांग्रेस 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर भोपाल में प्रदेश स्तरीय संविधान रक्षा मार्च निकालने की तैयारी कर रही है। पहले यह कार्यक्रम दिल्ली में आयोजित करने की योजना थी, लेकिन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के निर्देश पर अब सभी राज्यों की राजधानियों में मार्च निकालने का निर्णय लिया गया है। भोपाल में होने वाले आयोजन में प्रदेशभर से पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को जुटाने की तैयारी है। इसके लिए करीब एक लाख लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि उनके दौरे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
संविधान की प्रस्तावना का होगा सामूहिक पाठ
कार्यक्रम की शुरुआत संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि देने के साथ होगी। इसके बाद संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ और मार्च निकाला जाएगा। प्रदेश के सभी जिलों से भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला कांग्रेस कमेटियों और विभिन्न विभागों को आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
हर बूथ पर नियुक्त होंगे वोट रक्षक
संविधान रक्षा मार्च के साथ कांग्रेस मतदाता सूची को लेकर भी प्रदेशव्यापी अभियान चलाएगी। 22 से 30 नवंबर तक वोट रक्षक अभियान के तहत प्रत्येक बूथ पर एक वोट रक्षक नियुक्त किया जाएगा। ये कार्यकर्ता मतदाता सूची से हटाए गए नामों का सत्यापन करेंगे। अभियान की दैनिक प्रगति रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजी जाएगी।
15 दिसंबर तक गांवों में लगेंगी चौपाल
इसके बाद 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक ग्राम स्तर पर 'वोट बचाओ-देश बचाओ चौपाल' आयोजित की जाएंगी। कांग्रेस का उद्देश्य इन कार्यक्रमों के जरिए मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और वोट चोरी के मुद्दे को प्रदेशभर में उठाना है। पार्टी कार्यकर्ता चौपालों के माध्यम से लोगों को मताधिकार और मतदाता सूची से जुड़े विषयों पर जागरूक करेंगे।



