AIIMS दिल्ली में गर्भस्थ शिशु के लिए डॉक्टरों ने किया ऐसा प्रयोग, चिकित्सा जगत में बना नया इतिहास
मां के गर्भ में ही शुरू हुआ इलाज

नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के डॉक्टरों ने गर्भ में पल रहे शिशु के उपचार की दिशा में महत्वपूर्ण कामयाबी हासिल की है। यहां 12 नवंबर को 25 सप्ताह के गर्भस्थ शिशु की रीढ़ की हड्डी से जुड़ी गंभीर जन्मजात समस्या का ऑपरेशन किया गया। देश में अपनी तरह की इस पहली ओपन फिटल सर्जरी को छह घंटे तक अंजाम दिया गया। इस जटिल प्रक्रिया में 30 से अधिक डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम शामिल रही।
गर्भ में ही सामने आई गंभीर समस्या
शिशु को मायलोमेनिंगोसील नामक समस्या थी, जो स्पाइना बिफिडा का गंभीर रूप है। इस स्थिति में रीढ़ की हड्डी का निचला हिस्सा पूरी तरह बंद नहीं हो पाता और वहां से मस्तिष्क तथा रीढ़ की हड्डी को सुरक्षित रखने वाला तरल पदार्थ बाहर निकलने लगता है। इससे तंत्रिका तंत्र को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है।
कई विभागों के विशेषज्ञों ने मिलकर किया ऑपरेशन
सर्जरी में न्यूरोसर्जरी, मातृ एवं भ्रूण चिकित्सा, प्रसूति एवं स्त्री रोग, एनेस्थीसिया, प्लास्टिक सर्जरी और नवजात शिशु चिकित्सा विभाग के विशेषज्ञ शामिल हुए। उन्नत माइक्रोस्कोपी और लगातार अल्ट्रासाउंड की मदद से गर्भस्थ शिशु की रीढ़ के निचले हिस्से में मौजूद दोष को ठीक किया गया।
जन्म के बाद बेहतर परिणाम की उम्मीद
डॉक्टरों के अनुसार, चुनिंदा मामलों में गर्भ के भीतर की गई ऐसी सर्जरी तंत्रिकाओं को आगे होने वाले नुकसान से बचाने, हाइड्रोसेफलस का खतरा कम करने और बच्चे के न्यूरोलॉजिकल परिणाम बेहतर बनाने में मदद कर सकती है। हालांकि, यह समस्या का पूरी तरह इलाज नहीं है। जन्म के बाद भी बच्चे को चिकित्सकीय निगरानी और उपचार की जरूरत रह सकती है।
परिवार पर नहीं पड़ा उपचार का खर्च
यह जटिल सर्जरी जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के तहत निःशुल्क की गई। डॉक्टरों ने इस मौके पर गर्भधारण से पहले फोलिक एसिड लेने और फोलेट युक्त खाद्य पदार्थों को आहार में शामिल करने की सलाह भी दी। इससे न्यूरल ट्यूब डिफेक्ट जैसी जन्मजात समस्याओं का जोखिम कम करने में मदद मिल सकती है।



