जनशक्ति उजाला
समाचार

युजवेंद्र चहल ने अपने नाम किया बड़ा रिकॉर्ड, ऐसा करने वाले पहले भारतीय बने

टी20 क्रिकेट में बनाया नया कीर्तिमान

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: इंदौर, मध्य प्रदेश3 मिनट पढ़ें
टी20 क्रिकेट में 400 विकेट का आंकड़ा पार करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने युजवेंद्र चहल ।
टी20 क्रिकेट में 400 विकेट का आंकड़ा पार करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने युजवेंद्र चहल ।
शेयर करें:

भारतीय स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल ने टी20 क्रिकेट में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। वह इस प्रारूप में 400 विकेट का आंकड़ा पार करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। चहल ने बुधवार को इंदौर के डेली कॉलेज ग्राउंड पर सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी एलीट 2026 के ग्रुप-बी मुकाबले में तमिलनाडु के खिलाफ तीन विकेट लेकर यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने अपने चार ओवर में महज 16 रन खर्च किए। उनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत हरियाणा ने तमिलनाडु को सात विकेट से शिकस्त देकर टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज की।

346 मैचों में 402 विकेट, भारतीय गेंदबाजों में शीर्ष पर

चहल अब तक 346 टी20 मुकाबलों में 402 विकेट ले चुके हैं। भारतीय गेंदबाजों की सूची में भुवनेश्वर कुमार 366 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं। जसप्रीत बुमराह के नाम 354 विकेट हैं और वह तीसरे पायदान पर हैं। पीयूष चावला 329 और रविचंद्रन अश्विन 323 विकेट के साथ शीर्ष पांच में शामिल हैं।

125 रन पर सिमटी तमिलनाडु की पारी

मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी तमिलनाडु की टीम 19.5 ओवर में 124 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की शुरुआत खराब रही और तीन रन के स्कोर पर तुषार रहेजा का विकेट गिर गया। इसके बाद बालासुब्रमण्यम सचिन ने अमित सात्विक के साथ दूसरे विकेट के लिए 51 रन जोड़े। सचिन ने एन. जगदीशन के साथ भी 22 रन की साझेदारी की। अमित सात्विक ने 38, कप्तान साई किशोर ने 19 और शाहरुख खान ने 22 रन बनाए।

चहल और निशांत संधू ने लिए तीन-तीन विकेट

हरियाणा की गेंदबाजी में युजवेंद्र चहल और निशांत संधू सबसे प्रभावी रहे। चहल ने 16 रन देकर तीन विकेट हासिल किए, जबकि निशांत ने 22 रन खर्च कर तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। कनिष्क चौहान और राहुल तेवतिया को एक-एक सफलता मिली।

हरियाणा ने 16.1 ओवर में हासिल किया लक्ष्य

125 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरियाणा की टीम ने 16.1 ओवर में तीन विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। अर्श रंगा और यशवर्धन दलाल ने पहले विकेट के लिए 35 रन जोड़े। अर्श ने 18 रन बनाए, जबकि यशवर्धन ने 19 गेंदों में चार चौकों की मदद से 21 रन की पारी खेली। उन्होंने कप्तान अंकित कुमार के साथ दूसरे विकेट के लिए 40 रन जोड़े।

अंकित और निशांत की साझेदारी ने दिलाई जीत

कप्तान अंकित कुमार और निशांत संधू ने तीसरे विकेट के लिए 58 रन की अहम साझेदारी कर हरियाणा की जीत सुनिश्चित की। अंकित ने 43 रन बनाए, जबकि निशांत 37 रन बनाकर नाबाद लौटे। तमिलनाडु की ओर से वी. अथिसयाराज डेविडसन, गुरजपनीत सिंह और साई किशोर को एक-एक विकेट मिला।

शेयर करें:

संबंधित खबरें

वैभव की एक पारी ने बदल दिया लिस्ट-ए क्रिकेट का इतिहास, टूटे कई बड़े रिकॉर्ड

वैभव की एक पारी ने बदल दिया लिस्ट-ए क्रिकेट का इतिहास, टूटे कई बड़े रिकॉर्ड

सिर्फ 53 गेंदों में ऐसी बल्लेबाजी देखने को मिली, जिसने विश्व क्रिकेट के कई दिग्गजों के रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए।

कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालादोहा, कतर3 मिनट पढ़ें
भारत-न्यूजीलैंड पहला टेस्ट ड्रॉ, आखिरी दिन दो बल्लेबाजों ने टीम इंडिया की उम्मीदों पर फेरा पानी

भारत-न्यूजीलैंड पहला टेस्ट ड्रॉ, आखिरी दिन दो बल्लेबाजों ने टीम इंडिया की उम्मीदों पर फेरा पानी

ग्लेन फिलिप्स और डेरिल मिचेल की अटूट साझेदारी ने बचाई न्यूजीलैंड की हार

कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालावेलिंगटन2 मिनट पढ़ें