निफ्ट में दाखिले का मौका: 20 कैंपस में 5 हजार से ज्यादा सीटें, जानें आवेदन से लेकर चयन तक की पूरी प्रक्रिया
फैशन, डिजाइन और टेक्नोलॉजी के पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू

फैशन, डिजाइन और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (निफ्ट) में प्रवेश का अवसर है। शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए संस्थान के विभिन्न पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, इच्छुक अभ्यर्थी 16 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश परीक्षा 10 जनवरी को आयोजित की जाएगी।
निफ्ट के देशभर में स्थित 20 परिसरों में 5,000 से अधिक सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। संस्थान में स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी स्तर के कुल 11 डिग्री कार्यक्रम संचालित होते हैं। आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को संबंधित पाठ्यक्रम की शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और चयन प्रक्रिया की जानकारी लेना जरूरी है।
किस पाठ्यक्रम के लिए कौन पात्र ?
बी.डिजाइन में प्रवेश के लिए किसी भी मान्यता प्राप्त विषय से 12वीं उत्तीर्ण या शैक्षणिक सत्र 2026-27 में 12वीं की परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। मान्यता प्राप्त इंजीनियरिंग डिप्लोमा धारक भी इसके पात्र हैं। बी.एफ.टेक के लिए 12वीं में भौतिकी और गणित विषय होना अनिवार्य है।
एम.डिजाइन और एम.एफ.एम में प्रवेश के लिए किसी भी विषय में स्नातक की डिग्री या कम से कम तीन वर्षीय मान्यता प्राप्त स्नातक डिप्लोमा आवश्यक है। एम.एफ.टेक के लिए निफ्ट से बी.एफ.टेक अथवा संबंधित विषय में बीई या बी.टेक की डिग्री होनी चाहिए। पात्र हस्तशिल्प और हथकरघा कारीगरों तथा उनके आश्रितों के लिए भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत बी.डिजाइन में प्रवेश का प्रावधान है।
प्रवेश परीक्षा में ऐसे होगा चयन
बी.डिजाइन के लिए सामान्य योग्यता परीक्षा (जीएटी), क्रिएटिव एबिलिटी टेस्ट (सीएटी) और सिचुएशन टेस्ट के आधार पर चयन होगा। एम.डिजाइन में जीएटी, सीएटी और इंटरव्यू शामिल हैं। बी.एफ.टेक में चयन केवल जीएटी के आधार पर किया जाएगा, जबकि एम.एफ.एम और एम.एफ.टेक के लिए जीएटी के बाद इंटरव्यू होगा।
बी.डिजाइन में चयन के कुल वेटेज में जीएटी का हिस्सा 30 प्रतिशत, सीएटी का 50 प्रतिशत और सिचुएशन टेस्ट का 20 प्रतिशत है। एम.डिजाइन में जीएटी को 30 प्रतिशत, सीएटी को 40 प्रतिशत और इंटरव्यू को 30 प्रतिशत वेटेज दिया गया है। एम.एफ.एम और एम.एफ.टेक में जीएटी का वेटेज 70 प्रतिशत तथा इंटरव्यू का 30 प्रतिशत निर्धारित है।
आवेदन शुल्क और आयु सीमा
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए एक पाठ्यक्रम का आवेदन शुल्क 2,000 रुपये और दो पाठ्यक्रमों के लिए 3,000 रुपये है। अन्य आरक्षित श्रेणियों के लिए ये शुल्क क्रमशः 500 और 750 रुपये निर्धारित हैं।
स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए अभ्यर्थी की आयु 1 अगस्त 2027 को 24 वर्ष से कम होनी चाहिए। एससी, एसटी और दिव्यांग वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट मिलेगी। स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए आयु सीमा निर्धारित नहीं है।
फीस में राहत का भी प्रावधान
निफ्ट के स्नातक पाठ्यक्रमों की चार वर्ष की कुल अकादमिक फीस लगभग 14.1 लाख रुपये बताई गई है। स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की दो वर्ष की कुल फीस लगभग 6.5 लाख से 7 लाख रुपये के बीच है। आर्थिक रूप से कमजोर पात्र विद्यार्थियों को संस्थान की ‘सार्थक’ योजना के तहत ट्यूशन फीस में 25 से 100 प्रतिशत तक की छूट मिल सकती है।
इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन और प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट exams.nta.ac.in/niftee पर जा सकते हैं।


