केंद्रीय विद्यालयों में अब घर बैठे होंगे कौन-कौन से काम? सरकार ने शुरू कीं 3 नई पहल
अभिभावकों को मिलेगी डिजिटल सुविधा

केंद्रीय विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों को अब बच्चों की पढ़ाई, उपस्थिति और परीक्षा परिणाम जानने के लिए स्कूलों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। छुट्टी के आवेदन से लेकर जरूरी प्रमाणपत्र बनवाने तक की सुविधाएं भी ऑनलाइन उपलब्ध होंगी। केंद्रीय विद्यालय संगठन ने गुरुवार, 12 नवंबर को शिक्षा व्यवस्था को डिजिटल बनाने के लिए तीन नई पहल शुरू कीं। इनका उद्देश्य स्कूल प्रशासन, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच संपर्क को आसान बनाना है।
तीन डिजिटल सुविधाओं का शुभारंभ
नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने विद्या समीक्षा केंद्र, केवीएस संवाद ऐप एवं वेब पोर्टल और केंद्रीय विद्यालय पूर्व छात्र पोर्टल का शुभारंभ किया। इन तीनों मंचों को केंद्रीय विद्यालय संगठन के मुख्यालय के सूचना प्रौद्योगिकी सेवा प्रकोष्ठ ने आंतरिक रूप से विकसित किया है।
एआई से होगी स्कूलों की निगरानी
विद्या समीक्षा केंद्र और इसमें शामिल समीक्षा एआई बॉट के माध्यम से स्कूलों की गतिविधियों और विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर नजर रखी जाएगी। यह व्यवस्था उपस्थिति, परीक्षा प्रदर्शन, स्कूलों की सुविधाओं और दाखिले से जुड़े आंकड़ों का विश्लेषण करेगी। एआई बॉट कमियों की पहचान कर सुधार के सुझाव भी देगा, जिससे अधिकारियों को निर्णय लेने में मदद मिलेगी।
अभिभावकों को मिलेगा ऑनलाइन सुविधा मंच
केवीएस संवाद ऐप और वेब पोर्टल पर अभिभावक बच्चों की उपस्थिति, पाठ्यक्रम की प्रगति, परीक्षा परिणाम और पढ़ाई से जुड़ी सामग्री देख सकेंगे। डिजिटल पहचान पत्र के अलावा बोनाफाइड और बाल शिक्षा भत्ता प्रमाणपत्र के लिए आवेदन, छुट्टी की अर्जी तथा विद्यार्थी और शिक्षक की डायरी देखने की सुविधा भी मिलेगी।
पुराने विद्यार्थियों को भी जोड़ेगा पोर्टल
पूर्व छात्र पोर्टल के जरिए केंद्रीय विद्यालयों से पढ़ाई पूरी कर चुके विद्यार्थी अपने पुराने स्कूल और सहपाठियों से जुड़ सकेंगे। वे अपनी उपलब्धियां साझा करने के साथ वर्तमान विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन और स्कूलों के विकास में सहयोग दे सकेंगे।
शिक्षकों के प्रशिक्षण पर भी दिया जोर
शिक्षा मंत्री ने इन पहलों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और डिजिटल इंडिया की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने इनके लाभ का विस्तार सभी केंद्रीय विद्यालयों तक करने के साथ अन्य स्कूली विद्यार्थियों तक पहुंचाने का सुझाव दिया। उन्होंने डिजिटल पोर्टल पर शिक्षकों के प्रशिक्षण का पूरा रिकॉर्ड रखने, प्रशिक्षण की अवधि और जरूरतों की निगरानी करने तथा इन सुविधाओं का लगातार आकलन कर सुधार करने पर भी जोर दिया।



